ओबीसी सर्वे कार्य में लगे कार्मिकों को अन्य कार्यों से रखे मुक्त
23 जुलाई तक ओबीसी सर्वे कार्य में लगे प्रगणकों को अन्य कार्यों से रखें मुक्त : अतिरिक्त जिला कलक्टर
हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग (राजनीतिक प्रतिनिधित्व) आयोग द्वारा जिले में कराए जा रहे ओबीसी सर्वे को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदी लाल मीणा ने सभी विभागों के कार्यालयाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार जिले में ओबीसी सर्वे का कार्य प्रगति पर है, जिसके लिए एसडीओ स्तर से प्रगणकों की ड्यूटी लगाई गई है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार सर्वे कार्य 23 जुलाई 2026 तक पूर्ण किया जाना है। हालांकि, यह जानकारी सामने आई है कि कुछ कार्यालयाध्यक्षों द्वारा सर्वे में नियुक्त प्रगणकों को अन्य विभागीय प्रशिक्षणों एवं कार्यालयीन कार्यों में लगाया जा रहा है, जिससे सर्वे कार्य समय पर पूरा होने में बाधा उत्पन्न हो सकती है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने सभी विभागों के कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि ओबीसी सर्वे में नियुक्त प्रगणकों को 23 जुलाई 2026 तक अन्य विभागीय प्रशिक्षणों एवं कार्यों से पूर्णतः मुक्त रखा जाए, ताकि सर्वे कार्य निर्धारित समय सीमा में सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों से निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने की अपील की है, जिससे राज्य सरकार की प्राथमिकता वाले इस सर्वे कार्य को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
