डेंगू रोकथाम हेतु विशेष अभियान
जिलेभर में शुरू हुआ 'एंटी डेंगू मंथ',
डेंगू रोकथाम को लेकर विशेष अभियान तेज
जन-जागरूकता, स्रोत नियंत्रण और 'चेक, क्लीन एंड कवर' गतिविधियों से डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण का प्रयास
हनुमानगढ़। जिले में डेंगू की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जुलाई 2026 को 'एंटी डेंगू मंथ' के रूप में मनाया जा रहा है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने जिले के समस्त खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए माहभर विशेष गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान डेंगू के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए ग्राम एवं वार्ड स्तर पर रैली, बैठक, पोस्टर, पम्पलेट तथा अन्य सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी+) गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देते हुए प्रत्येक शुक्रवार 'चेक, क्लीन एंड कवर' गतिविधि के माध्यम से घर-घर जाकर पानी जमा होने वाले स्थानों की पहचान कर उन्हें नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स (डीबीसी) द्वारा घरों एवं आसपास पानी जमा होने वाले स्थानों का नियमित निरीक्षण कर मच्छरों के लार्वा को नष्ट किया जाएगा तथा प्रत्येक गतिविधि का ऑनलाइन रिकॉर्ड भी दर्ज किया जाएगा। विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं अन्य संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत आमजन से अपील की जाएगी कि वे कूलर, टंकियों, गमलों, पुराने टायरों एवं अन्य पात्रों में पानी जमा न होने दें तथा नियमित रूप से सफाई रखें। स्थानीय मीडिया, सोशल मीडिया एवं रेडियो के माध्यम से भी डेंगू से बचाव के संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अखिलेश शर्मा ने बताया कि बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों में डेंगू जांच एवं उपचार से संबंधित आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही प्रत्येक क्षेत्र में रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) सक्रिय रहेगी, ताकि किसी भी संदिग्ध अथवा पुष्ट डेंगू मरीज की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि अभियान की सभी गतिविधियों का निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि डेंगू की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है। पानी जमा न होने दें, साफ-सफाई रखें और डेंगू मुक्त हनुमानगढ़ बनाने में अपना सहयोग दें।

