नशामुक्त हनुमानगढ़ के लिए सेफ सिटी अभियान का शुभारंभ
एसपी बी. आदित्य के नेतृत्व में "सेफ सिटी" अभियान का शुभारंभ, नशामुक्त हनुमानगढ़ की दिशा में अभिनव पहल
हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य के नेतृत्व में हनुमानगढ़ पुलिस द्वारा जिले को सुरक्षित, जागरूक एवं नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से "सेफ सिटी" अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान पुलिस विभाग की एक अभिनव पहल है, जिसके माध्यम से आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए अपराध मुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण का संदेश दिया जाएगा।
अभियान के तहत जिलेभर में विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम, संवाद, रैलियां, नुक्कड़ सभाएं तथा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य ने कहा कि "सेफ सिटी" अभियान केवल पुलिस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का जनआंदोलन है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
हनुमानगढ़ पुलिस का यह अभिनव प्रयास जिले को नशामुक्त, अपराधमुक्त एवं सुरक्षित हनुमानगढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अभियान के माध्यम से आमजन में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाने तथा सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने का भी लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
