नशामुक्ति अभियान के तहत शिविर
सोमवार को सीएचसी फेफाना एवं मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह में लगेंगे नशामुक्ति शिविर
हनुमानगढ़। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा राज्य सरकार के नशामुक्ति अभियान के तहत 3 से 24 जुलाई के मध्य जिले के विभिन्न सीएचसी, पीएचसी, पुनर्वास गृह, आश्रय गृह एवं कारागृहों में विशेष नशामुक्ति शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत सोमवार 6 जुलाई को प्रात: 10 से दोपहर 1 बजे तक खण्ड नोहर में सीएचसी फेफाना एवं हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह में नशामुक्ति शिविर आयोजित किए जाएंगे। सीएचसी फेफाना में डॉ. मनोज डूडी एवं पुनर्वास गृह में डॉ. ओपी सोलंकी मरीजों की जांच करेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि शिविर में चिकित्सकों द्वारा नशे से पीडि़त व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी तथा आवश्यकता के अनुसार नि:शुल्क दवाइयां, मनोवैज्ञानिक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध करावाया जाएगा। उपचार के बाद मरीजों का नियमित फॉलोअप भी किया जाएगा, ताकि वे दोबारा नशे की ओर न लौटें। इन शिविरों का उद्देश्य नशे की लत से प्रभावित लोगों को समय पर उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास उपलब्ध कराकर उन्हें स्वस्थ और सामान्य जीवन की मुख्यधारा से जोडऩा है।
सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने बताया कि प्रत्येक शिविर में मरीजों का पंजीकरण कर आवश्यक रिकॉर्ड संधारित किया जाएगा तथा उपचार के बाद उनकी प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सहित विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि परिवार या आसपास कोई व्यक्ति नशे की लत से प्रभावित है तो उसे बिना किसी संकोच के इन नि:शुल्क शिविरों में लेकर आएं। समय पर उपचार, उचित परामर्श और परिवार के सहयोग से नशे की लत से पूरी तरह मुक्ति संभव है।
