कक्षा 2 से 5 के विद्यार्थियों का हिन्दी एवं गणित विषयों का आकलन
कक्षा 2 से 5 के विद्यार्थियों का 22 अगस्त को होगा केंद्रीय बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षताओं का आकलन ( FLN Assessment)
हनुमानगढ़। जिले के राजकीय विद्यालयों में कक्षा 2 से 5 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए केंद्रीय FLN (Foundational Literacy and Numeracy) Assessment का आयोजन 22 अगस्त 2026 को किया जाएगा। इस संबंध में निदेशक माध्यमिक शिक्षा राजस्थान, बीकानेर द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रारंभिक हनुमानगढ़ ने सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप विद्यार्थियों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षताओं के आकलन के लिए यह मूल्यांकन आयोजित किया जा रहा है। इसमें कक्षा 2 से 5 के विद्यार्थियों का हिन्दी एवं गणित विषयों में आकलन किया जाएगा।
प्रत्येक विषय का प्रश्न-पत्र एक घंटे का होगा। प्रश्न-पत्र में 20 प्रश्न होंगे तथा प्रत्येक प्रश्न एक अंक का रहेगा। विद्यार्थियों का मूल्यांकन निर्धारित Competency के अनुसार किया जाएगा और प्राप्तांकों को Competency-wise दर्ज किया जाएगा।
शालादर्पण पोर्टल पर उपलब्ध होंगे प्रश्न-पत्र
निर्धारित तिथि से पूर्व प्रश्न-पत्र शालादर्पण पोर्टल एवं Shikshak App पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। संस्था प्रधान यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रश्न-पत्र समय पर डाउनलोड कर प्रिंट करवाए जाएं। जिन विद्यालयों में प्रिंटर की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां आवश्यकतानुसार प्रश्न-पत्र की प्रतियां उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाएगी।
निर्देशों के अनुसार हिन्दी का प्रश्न-पत्र प्रथम एवं द्वितीय कालांश तथा गणित का प्रश्न-पत्र पंचम एवं षष्ठम कालांश में लिया जाएगा। मूल्यांकन शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में करवाते हुए विद्यार्थियों की वास्तविक अधिगम उपलब्धियों का आकलन किया जाएगा।
30 अगस्त तक ऑनलाइन अंक प्रविष्टि अनिवार्य
Assessment के बाद उत्तर-पुस्तिकाओं का मूल्यांकन विद्यालय स्तर पर किया जाएगा। विद्यार्थियों के Competency-wise प्राप्तांकों को निर्धारित मैपिंग के अनुसार संशोधित कर 30 अगस्त 2026 तक शालादर्पण पोर्टल पर ऑनलाइन अंक प्रविष्टि करना अनिवार्य किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने अधीनस्थ विद्यालयों में FLN Assessment की प्रक्रिया निर्धारित समय पर पूर्ण करवाते हुए आवश्यक अभिलेख संधारित करवाएं तथा पूरी प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।

