अवैध जिप्सम खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई
बड़ोपल में अवैध जिप्सम खनन पर बड़ी कार्रवाई
खान एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई, जेसीबी, डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त, 3.25 लाख रुपए की वसूली
हनुमानगढ़। बड़ोपल क्षेत्र में अवैध जिप्सम खनन के विरुद्ध खान एवं भू-विज्ञान विभाग तथा पुलिस विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन, एक डंपर एवं दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान अवैध खननकर्ताओं से नियमानुसार 3,25,200 रुपए की शास्ति राशि वसूल कर राजकोष में जमा कराई गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
सहायक खनि अभियंता श्री सोहन लाल गुरु ने बताया कि बड़ोपल क्षेत्र में अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिलने पर खान विभाग ने 13 अगस्त, 2026 से क्षेत्र में दो बॉर्डर होमगार्ड तैनात कर नाका एवं चेक पोस्ट स्थापित की थी। 15 अगस्त को होमगार्ड एवं मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस विभाग ने राजकीय भूमि पर अवैध रूप से जिप्सम खनन करते हुए एक जेसीबी, एक डंपर एवं दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़कर पुलिस थाना पीलीबंगा के संरक्षण में रखा। इसके बाद 17 अगस्त को खान विभाग ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन एवं मशीनरी से शास्ति राशि की वसूली की।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी 16 जुलाई 2026 को खान एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई में बड़ोपल क्षेत्र से अवैध खनन में प्रयुक्त एक जेसीबी मशीन एवं दो डंपर जब्त किए गए थे। उस कार्रवाई में भी अवैध खननकर्ताओं से 3,83,840 रुपए की शास्ति राशि वसूल कर राजकोष में जमा कराई गई थी।
सहायक खनि अभियंता ने बताया कि वर्तमान में बड़ोपल क्षेत्र में अवैध खनन की रोकथाम के लिए विभाग द्वारा नियुक्त दो बॉर्डर होमगार्ड नियमित निगरानी एवं चेकिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी खान विभाग द्वारा पुलिस के सहयोग से औचक निरीक्षण एवं सख्त कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी।
