News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026

पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026

जिला प्रमुखों के आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया संपन्न

पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों में महत्वपूर्ण चरण पूरा

जयपुर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों के क्रम में गुरुवार को जयपुर स्थित इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान में राजस्थान के सभी 41 जिला परिषदों के जिला प्रमुख पदों के आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया संपन्न हुई। प्रक्रिया शासन सचिव एवं आयुक्त, पंचायती राज विभाग डॉ. जोगाराम की अध्यक्षता में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की गई।

लॉटरी के माध्यम से जिला प्रमुख पदों का श्रेणीवार आरक्षण निर्धारित किया गया। निर्धारित आरक्षण एवं रोटेशन व्यवस्था के तहत ओबीसी वर्ग के लिए 5 पद आरक्षित किए गए, जिनमें ब्यावर एवं सीकर में महिला जिला प्रमुख का पद आरक्षित रहा। इसी प्रकार अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए 8 पद आरक्षित किए गए, जिनमें दौसा, भरतपुर, टोंक एवं धौलपुर में महिला जिला प्रमुख का पद निर्धारित हुआ।

अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए 7 जिला प्रमुख पद आरक्षित किए गए, जिनमें सलूंबर, प्रतापगढ़ एवं अलवर में महिला जिला प्रमुख का पद आरक्षित हुआ। सामान्य महिला वर्ग के लिए टोंक, अजमेर, झुंझुनूं, चित्तौड़गढ़, हनुमानगढ़, डूंगरपुर, श्रीगंगानगर, झालावाड़, फलौदी, बीकानेर एवं कोटा जिला परिषदों के जिला प्रमुख पद निर्धारित किए गए। वहीं बारा, बाड़मेर, भीलवाड़ा, जयपुर, जोधपुर, करौली, कोटपूतली-बहरोड़, राजसमंद, सिरोही एवं उदयपुर जिला परिषदों के जिला प्रमुख पद अनारक्षित रहे।

पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव में सामान्य, ओबीसी, एससी एवं एसटी सभी श्रेणियों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान लागू रहेगा। लॉटरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई तथा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई गई, जिससे रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।

लॉटरी प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, अधिकारीगण, पत्रकार एवं आमजन उपस्थित रहे। जिला प्रमुखों के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही पंचायती राज संस्थाओं के आगामी आम चुनाव की तैयारियों का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है। आरक्षण प्रक्रिया के पश्चात चुनाव संबंधी आगामी कार्यवाही राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जाएगी।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.