नगर निकाय आम चुनाव-2026 : 726 नामांकन पत्र हुए दाखिल
नगर निकाय आम चुनाव-2026 : जिले के नगरीय निकायों में शनिवार तक आए 726 नामांकन पत्र
अब नामांकन पत्र जमा करवाने के लिए केवल एक दिन, 31 अगस्त अंतिम दिन
हनुमानगढ़। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार जिले में नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत लोक सूचना जारी होने के बाद शनिवार तक नगरीय निकायों में कुल 726 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इनमें 593 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। गौरतलब है कि गुरुवार को नगरीय निकायों में 95 अभ्यर्थियों द्वारा कुल 114 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) श्री उम्मेदी लाल मीना ने बताया कि शनिवार तक जिले की नगर परिषद हनुमानगढ़ में 89 अभ्यर्थियों के 104 नामांकन पत्र, संगरिया में 93 अभ्यर्थियों के 107 नामांकन पत्र, नगरपालिका टिब्बी में 44 अभ्यर्थियों के 48 नामांकन पत्र, रावतसर में 113 अभ्यर्थियों के 165 नामांकन पत्र, भादरा में 94 अभ्यर्थियों के 106 नामांकन पत्र, नोहर में 70 अभ्यर्थियों के 70 नामांकन पत्र, गोलूवाला में 9 अभ्यर्थियों के 9 नामांकन पत्र तथा पीलीबंगा में 81 अभ्यर्थियों के 117 नामांकन पत्र सहित कुल 726 नामांकन पत्र प्राप्त हुए। उन्होंने बताया कि इस प्रकार जिले की 8 नगरीय निकायों में कुल 290 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया के अंतर्गत गुरुवार को जहां 114 नामांकन पत्र दाखिल हुए, वहीं शनिवार को 612 नामांकन पत्र दाखिल हुए।
नगर निकाय आम चुनाव-2026 कार्यक्रम
सभी नगरीय निकायों में सदस्य पद के लिए लोक सूचना गुरुवार को जारी की गई थी। अब केवल 31 अगस्त (सोमवार) को ही नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर (मंगलवार) को होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर (गुरुवार) अपराह्न 3:00 बजे तक निर्धारित की गई है। चुनाव चिन्हों का आवंटन 4 सितंबर (शुक्रवार) को किया जाएगा।
जिले में प्रथम चरण के अंतर्गत नगर पालिका नोहर के 40 वार्ड, नगर पालिका भादरा के 40 वार्ड, नगर पालिका संगरिया के 35 वार्ड, नगर पालिका टिब्बी के 20 वार्ड तथा नगर पालिका रावतसर के 35 वार्डों के लिए मतदान 9 सितंबर, 2026 (बुधवार) को होगा। द्वितीय चरण के अंतर्गत नगर परिषद हनुमानगढ़ के 60 वार्ड, नगर पालिका गोलूवाला के 25 वार्ड तथा नगर पालिका पीलीबंगा के 35 वार्डों के लिए मतदान 11 सितंबर, 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 7:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक होगा। मतगणना 14 सितंबर, 2026 (सोमवार) को संपन्न होगी।
