युवा संबल मेला-2026
19वें युवा संबल मेले में 301 युवाओं का प्रारंभिक चयन
2,716 युवाओं ने कराया पंजीयन, विभिन्न निजी कंपनियों ने दिए रोजगार के अवसर
हनुमानगढ़। कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग, राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार शुक्रवार को जंक्शन स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम में राज्य स्तरीय 19वें युवा संबल मेला-2026 का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा नशा मुक्ति को लेकर चलाए जा रहे मनस्वी अभियान अंतर्गत हस्ताक्षर पट्ट पर जिला कलेक्टर सहित आशार्थियों ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने मेले का अवलोकन करते हुए विभिन्न रोजगार स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा बेरोजगार युवाओं से संवाद कर उन्हें रोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दो चयनित युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किए तथा अभ्यर्थियों का अंतिम चयन करने पर रामनाथ सिंगला एंड कंपनी (ब्लिंकिट) को सम्मानित भी किया।
सहायक निदेशक श्री दिनेश चौधरी ने बताया कि युवा संबल मेले में 2,716 बेरोजगार युवाओं ने पंजीयन कराया, जिनमें से 853 अभ्यर्थियों ने उपस्थित होकर साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लिया। विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा 301 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया।
मेले में माइंडलैंड माइक्रोफिन लिमिटेड, ऑरिक मोटर्स प्रा. लि., लेनोवो इंडिया प्रा. लि., भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), एनएसएसएस सिक्योरिटीज प्रा. लि., रामनाथ सिंगला एंड कंपनी (ब्लिंकिट), एसपीएल एडिक्टिव्स प्रा. लि., पेटीएम पेमेंट सर्विसेज लिमिटेड, बणी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी तथा एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने सुरक्षा, वित्त, विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, कृषि, बैंकिंग, ई-कॉमर्स एवं रिटेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे तकनीकी दक्षता एवं कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों का लाभ उठाएं।
मेले में एडीएम श्री उम्मेदी लाल मीना, मुख्य आयोजना अधिकारी श्री विनोद गोदारा, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक श्री योगेन्द्र सिंह, जिला खेल अधिकारी श्री शमशेर सिंह, जनप्रतिनिधि श्री विकास गुप्ता, श्रीमती गुलाब सिंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
____


