News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

सांस्कृतिक संध्या पर देशभक्ति प्रस्तुतियां

सांस्कृतिक संध्या पर देशभक्ति प्रस्तुतियां

विभाजन की विभीषिका को याद कर शहीदों को किया नमन

टाउन सेंट्रल पार्क में सांस्कृतिक संध्या, देशभक्ति की प्रस्तुतियों ने मोहा मन, विजेताओं का हुआ सम्मान

हनुमानगढ़। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को टाउन स्थित सेंट्रल पार्क में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 1947 के विभाजन की त्रासदी को स्मरण करते हुए शहीदों और विस्थापित परिवारों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और शहरवासियों ने भाग लिया।

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, योग एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा। आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि श्री अमित चौधरी ने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीर शहीदों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। आज की युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देशभक्तों के संघर्ष से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

जनप्रतिनिधि श्री प्रमोद डेलू ने कहा कि वर्ष 1947 का विभाजन भारतीय इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक था। लाखों लोगों ने अपना घर-बार छोड़ा, अपनों को खोया और असहनीय पीड़ा झेली। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य उस त्रासदी को स्मरण करते हुए आने वाली पीढ़ियों को इतिहास से सीख लेने तथा समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।

अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री उम्मेदीलाल मीणा ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व हमें अपने कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का बोध कराते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रप्रेम को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, विजेताओं एवं आयोजन में सहयोग देने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया गया। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम ने जहां विभाजन की विभीषिका को स्मरण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी, वहीं देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति के भाव को भी सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम में श्रीमती सिमोन यादव, श्री प्रमोद डेलू, श्री अमित चौधरी, श्री ओम सोनी, श्री साहिल बलाड़िया, श्री आशीष पारीक, नगर परिषद आयुक्त श्री सुरेंद्र यादव सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.