युवाओं के सपनों को साकार करने से ही विकसित भारत-2047 का संकल्प होगा पूरा
विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका
हनुमानगढ़ जिले के 282 नवचयनित युवाओं को दी वेलकम किट
| हनुमानगढ़। राजस्थान सरकार के प्रगति पथ पर गतिमान राजस्थान राज्य स्तरीय कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को अग्रसेन भवन, हनुमानगढ़ जंक्शन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण अलवर के विजय नगर ग्राउंड से किया गया, जहां केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह, मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव की उपस्थिति में 6,453 करोड़ रुपए की लागत के 954 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण, 67 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि की 667 करोड़ रुपए की डीबीटी, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत 152 करोड़ रुपए की सहायता राशि का डीबीटी हस्तांतरण तथा 10,548 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। |
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, पूर्व विधायक श्री धर्मेंद्र मोची तथा जनप्रतिनिधि श्री प्रमोद डेलू ने आयुष चिकित्सा अधिकारी पद पर चयनित गौरविका चौधरी को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इसके साथ ही जिले के विभिन्न विभागों में चयनित 282 नव नियुक्त कार्मिकों को वेलकम किट वितरित की गई। इनमें प्रशासनिक सुधार विभाग के 210, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 45, माध्यमिक शिक्षा विभाग के 15, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के 10 तथा कॉलेज शिक्षा विभाग के 2 नवचयनित कार्मिक शामिल रहे।
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने सभी नवचयनित कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों का ईमानदारी, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने सभी को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधि श्री प्रमोद डेलू ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को पारदर्शी एवं मेरिट आधारित भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार उपलब्ध करा रही है। युवाओं के सपनों को साकार करने से ही विकसित भारत-2047 का संकल्प पूरा होगा।
कार्यक्रम में श्री बलवीर बिश्नोई, श्री संजय शर्मा, श्री विकास गुप्ता, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री उम्मेदीलाल मीणा, श्री दलीप बेनीवाल, जिला आयोजना अधिकारी श्री विनोद गोदारा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, नवचयनित कार्मिक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। समारोह में नवचयनित युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
____



