दिव्यांग स्कूटी योजना से जीवन जीने की मिली राह
दिव्यांग श्री चंद्रभान को मिली स्कूटी, अब आत्मनिर्भरता की राह हुई आसान
![]() |
हनुमानगढ़। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की दिव्यांग स्कूटी योजना दिव्यांगजनों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार कर रही है। इसी कड़ी में हनुमानगढ़ जिले की पीलीबंगा तहसील के निवासी श्री चंद्रभान को योजना के तहत निःशुल्क स्कूटी मिलने से उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है।
श्री चंद्रभान ने 15 मई, 2025 को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से स्कूटी के लिए आवेदन किया था। पात्रता के आधार पर उनका आवेदन स्वीकृत होने के बाद उन्हें राज्य सरकार की ओर से निःशुल्क स्कूटी उपलब्ध कराई गई।
स्कूटी मिलने से अब श्री चंद्रभान अपने दैनिक कार्यों और रोजगार के लिए बिना किसी पर निर्भर हुए आसानी से आवागमन कर रहे हैं। पहले उन्हें हर छोटे-बड़े काम के लिए दूसरों की मदद लेनी पड़ती थी, लेकिन अब वे आत्मविश्वास के साथ अपने सभी कार्य स्वयं कर पा रहे हैं। इससे उनके समय की बचत हुई है और सामाजिक जीवन में भी उनकी सक्रियता बढ़ी है।
श्री चंद्रभान ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्कूटी मेरे लिए केवल एक वाहन नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। अब मैं बिना किसी सहायता के अपने जरूरी काम और रोजगार के लिए आसानी से आ-जा सकता हूं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना दिव्यांगजनों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर दे रही है और उनके सपनों को नई उड़ान मिल रही है।
