हर घर तिरंगा अभियान
हर घर तिरंगा एवं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर जिला कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश
हनुमानगढ़। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित होने वाले 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' तथा 'हर घर तिरंगा' अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें हनुमानगढ़ से जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव सहित जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के बाद जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने सभी संबंधित विभागों को राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान तथा 14 अगस्त को आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के सभी कार्यक्रमों का व्यापक, गरिमामय एवं जनसहभागिता के साथ आयोजन किया जाए।
जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 9 अगस्त को तिरंगा प्रभात फेरी, 10 अगस्त को तिरंगा रैली, 11 एवं 12 अगस्त को तिरंगा प्रदर्शनी एवं मेला, 13 से 17 अगस्त तक तिरंगा कैनवास, तिरंगा सजावट एवं एलईडी लाइटिंग, 14 अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा 15 अगस्त को ध्वजारोहण एवं तिरंगा शपथ कार्यक्रम निर्धारित कार्यक्रमानुसार आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सामूहिक गायन, तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड, स्थानीय कलाकारों की सहभागिता तथा अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर प्रदर्शनी, विभाजन विषयक लघु फिल्मों का प्रदर्शन, विद्यालयी विद्यार्थियों का भ्रमण, श्रद्धांजलि कार्यक्रम, दो मिनट का मौन, कैंडल मार्च तथा विभाजन प्रभावित परिवारों के सम्मान सहित सभी गतिविधियां गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित की जाएं।
जिला कलेक्टर ने कहा कि अभियान से संबंधित सभी गतिविधियों का फोटो एवं वीडियो रिकॉर्ड तैयार कर समय पर अपलोड किया जाए तथा सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक अभियान से जुड़ सकें। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
