अंतरराष्ट्रीय किशोर युवा दिवस
किशोर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का जिलेभर में हुआ शुभारंभ
खुंजा के राजकीय विद्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम, विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक; स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श भी दिया
हनुमानगढ़। अंतरराष्ट्रीय किशोर युवा दिवस के अवसर पर जिले में तीन दिवसीय किशोर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। 11 से 13 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले के राजकीय विद्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य से संबंधित जागरूकता, स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में किया जा रहा है।
जिला स्तरीय कार्यक्रम खुंजा स्थित राजकीय विद्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आरसीएचओ डॉ. सुनील विद्यार्थी, हनुमानगढ़ बीसीएमओ डॉ. कुलदीप बराड़ एवं खुंजा स्थित शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर के प्रभारी डॉ. विक्रम सिंह उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलावों तथा इस अवस्था में स्वास्थ्य के प्रति बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को एनीमिया से बचाव, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, युवा एवं प्रजनन स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, नशे से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। स्वास्थ्य कार्मिकों द्वारा विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच भी की गई तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किशोरियों एवं विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर जानकारी ली। स्वास्थ्य टीम द्वारा विद्यार्थियों की जांच करते हुए आवश्यक स्वास्थ्य मानकों की स्क्रीनिंग की गई। मौके पर विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने तथा आवश्यकता होने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।
किशोरों से संवाद पर रहा विशेष जोर
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने किशोर-किशोरियों से सीधे संवाद कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं पर चर्चा की। विशेष रूप से किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। वहीं विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, संतुलित आहार लेने, नियमित शारीरिक गतिविधि करने तथा मानसिक तनाव की स्थिति में परिवार, शिक्षक अथवा स्वास्थ्यकर्मी से संवाद करने के लिए प्रेरित किया गया।
![]() |
सभी खंडों में आयोजित हुए कार्यक्रम
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशानुसार जिले के समस्त खंड स्तर पर संचालित चिकित्सा केंद्रों एवं संबंधित विद्यालयों में भी किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के साथ आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सेवाएं उपलब्ध कराईं।
डॉ. शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है। जांच के दौरान किसी विद्यार्थी में स्वास्थ्य संबंधी समस्या पाए जाने पर उसे आवश्यकता के अनुसार संबंधित स्वास्थ्य संस्थान अथवा उजाला केंद्र पर उपचार एवं परामर्श के लिए रेफर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान में संबंधित विभागों के समन्वय से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि जिले के अधिक से अधिक किशोर-किशोरियों तक स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं पहुंच सकें। 13 अगस्त तक अभियान के तहत जागरूकता, स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ सत्र, परामर्श एवं रेफरल सहित विभिन्न गतिविधियां जारी रहेंगी।






