हनुमानगढ़ मेडिकल कॉलेज को मिला शहीद का नाम,
चार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों के नाम बदले, हनुमानगढ़ मेडिकल कॉलेज का नाम शहीद मेजर विकास भांभू के नाम पर
राज्य सरकार ने हनुमानगढ़ सहित श्रीगंगानगर, पाली और अलवर के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों के किए नामकरण
जयपुर। राज्य सरकार के चिकित्सा शिक्षा (ग्रुप-1) विभाग द्वारा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों के नामकरण को लेकर आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार मंत्रिमंडल सचिवालय द्वारा गठित मंत्रिमंडलीय समिति की 21 जुलाई 2026 को आयोजित बैठक में लिए गए निर्णय के अनुपालना में राजमेस के अधीन संचालित चार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों के नए नाम निर्धारित किए गए हैं।
आदेश के अनुसार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हनुमानगढ़ का नाम अब “बलिदानी योद्धा मेजर विकास भांभू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हनुमानगढ़” होगा।
इसी प्रकार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, श्रीगंगानगर का नाम “महाराजा गंगासिंह राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, श्रीगंगानगर”, राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, पाली का नाम “महाराणा प्रताप राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, पाली” तथा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, अलवर का नाम “भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, अलवर” किया गया है।
राज्य सरकार के इस निर्णय से इन चिकित्सा महाविद्यालयों को स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों के नाम से नई पहचान मिलेगी। आदेश संयुक्त शासन सचिव डॉ. ज्योति चौहान द्वारा जारी किया गया है।
मुख्य नाम परिवर्तन:
हनुमानगढ़ — बलिदानी योद्धा मेजर विकास भांभू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय
श्रीगंगानगर — महाराजा गंगासिंह राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय
पाली — महाराणा प्रताप राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय
अलवर — भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय
