नगर निकाय चुनाव को लेकर निकलेगी मतदाता जागरूकता रैली
नगर निकाय चुनाव-2026 को लेकर 27 अगस्त को स्कूलों में मतदाता जागरूकता रैली
शहरी क्षेत्र के राजकीय एवं निजी विद्यालयों में स्वीप गतिविधियों का होगा आयोजन
हनुमानगढ़। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के मद्देनजर जिले के शहरी निकाय क्षेत्रों में स्थित राजकीय एवं निजी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में 27 अगस्त को विभिन्न स्वीप (SVEEP) गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करना एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, हनुमानगढ़ की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार जिले के समस्त शहरी क्षेत्रों के राजकीय एवं निजी उच्च माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय की एक किलोमीटर की परिधि में मतदाता जागरूकता रैली आयोजित की जाएगी। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों द्वारा आमजन को मतदान के महत्व, मताधिकार के उपयोग तथा निष्पक्ष एवं जागरूक मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हनुमानगढ़ को इन गतिविधियों के लिए नोडल प्रभारी तथा संबंधित ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। गतिविधियों के आयोजन के उपरांत संबंधित फोटो एवं वीडियो व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से साझा किए जाएंगे।
शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि स्वीप से संबंधित सभी गतिविधियां पूर्णतः गैर-राजनीतिक एवं निष्पक्ष रूप से आयोजित की जाएं तथा भारत निर्वाचन आयोग की आदर्श आचार संहिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।
यह पहल नगर निकाय चुनाव-2026 के दौरान अधिकाधिक मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
