हरियालो राजस्थान अभियान
हरियालो राजस्थान अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विद्यालयों को दिए निर्देश
जियो-टैगिंग, विशेष स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान तथा ‘हर विद्यालय–हरित विद्यालय’ पर रहेगा विशेष जोर
टिब्बी। हरियालो राजस्थान अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर माध्यमिक शिक्षा राजस्थान, बीकानेर के निदेशक कार्यालय की ओर से प्रदेश के विद्यालयों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों में विद्यालय स्तर पर पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण, स्वच्छता और हरित वातावरण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया है।
जारी निर्देशों के अनुसार विद्यालयों में लगाए गए पौधों एवं वृक्षों की जियो-टैगिंग कर उनके आंकड़ों को प्रमाणित किया जाएगा। साथ ही प्रभावी मॉनिटरिंग के माध्यम से बकाया जियो-टैगिंग का कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों में सभी विद्यालयों में विशेष स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान चलाने को कहा गया है। अभियान के तहत विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, स्वच्छता व्यवस्था, वृक्षारोपण तथा पहले से मौजूद हरियाली के रखरखाव को शामिल किया जाएगा।
इसके अलावा ‘हर विद्यालय–हरित विद्यालय’ के तहत प्रत्येक विद्यालय को साफ-सुथरा एवं हरा-भरा बनाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए अधिकाधिक पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों का उचित रखरखाव एवं उनकी जीवितता सुनिश्चित करना आवश्यक होगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि शासकीय निर्देशों की शत-प्रतिशत पालना एवं हरियालो राजस्थान अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्राधिकार के अनुसार निर्देशों की पालना सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक ललित कुमार ने जारी निर्देशों में विद्यालयों में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण को अभियान की सफलता के लिए आवश्यक बताया है।
