एफएफएस एप का शुभारंभ
कृषि आयुक्त ने किया एफएफएस एप का शुभारंभ, अब किसान घर बैठे कर सकेंगे उर्वरक की बुकिंग
हनुमानगढ़। जिला कृषि विभाग, हनुमानगढ़ के तत्वावधान में गुरुवार को ब्लॉक रावतसर स्थित एमआरबी सभागार में राष्ट्रीय उर्वरक तंत्र के अंतर्गत फर्टिलाइजर सेल्स एप्लीकेशन (FFS App - Framework for Fertilizer Sale) का शुभारंभ कृषि आयुक्त श्री नरेश कुमार गोयल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को पारदर्शी, सरल एवं तकनीक आधारित व्यवस्था के माध्यम से अनुदानित उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए एफएफएस ऐप लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि किसान अब घर बैठे जीएफआर (GFR) की अनुशंसा के आधार पर उर्वरक की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के बाद प्राप्त क्यूआर कोड अथवा ई-टोकन के माध्यम से किसान 48 घंटे के भीतर अपने निकटतम कृषि आदान विक्रेता से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे।
कृषि आयुक्त ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि खरीफ फसलों के लिए किसानों की प्रीमियम दर 2 प्रतिशत से घटाकर 0.3 प्रतिशत कर दी गई है, जिससे अधिकाधिक किसान योजना का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने जैविक खेती को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रोत्साहन राशि उपलब्ध करा रही है, ताकि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों को कम किया जा सके।
कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक श्रीमती यशवंती ने जिले की कृषि परिस्थितियों एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से अधिकाधिक योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. रमेश बराला ने बागवानी फसलों को अपनाने पर बल दिया, जबकि उपनिदेशक (आत्मा) श्री सुभाष चंद्र डूडी ने आत्मा योजना के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी। सहायक निदेशक कृषि नोहर श्री रामप्रताप गोदारा ने रावतसर में सहायक निदेशक कृषि विस्तार कार्यालय एवं मृदा जांच प्रयोगशाला स्थापित करने तथा कार्यालय के नवीनीकरण की मांग रखी, जिस पर कृषि आयुक्त ने शीघ्र स्वीकृति का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में श्री प्रताप सिंह सूडा एवं श्री हंसराज गोदारा ने उर्वरक वितरण प्रणाली से जुड़े सुझाव रखते हुए नई व्यवस्था के लिए कृषि आयुक्त का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त निदेशक श्री केशव कालीराणा, सहायक निदेशक डॉ. संजीव भादू, कृषि अनुसंधान अधिकारी श्री राजेंद्र बेनीवाल, कृषि अधिकारी श्री विजयपाल, श्री नरेश कुमार, सहायक कृषि अधिकारी श्री कृष्ण चंद्र कड़वासरा सहित किसान एवं कृषि आदान विक्रेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंच संचालन सहायक कृषि अधिकारी श्री रामकुमार स्वामी ने किया।
