News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

राजस्थान शैक्षिक महासंघ की बैठक

राजस्थान शैक्षिक महासंघ की बैठक

टिब्बी में राजस्थान शैक्षिक महासंघ की बैठक सम्पन्न

पे-प्रोटेक्शन, डीपीसी व तबादलों सहित शिक्षक हितों के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा, लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की उठी मांग

टिब्बी। राजस्थान शैक्षिक महासंघ की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को टिब्बी में आयोजित की गई। बैठक में शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए सरकार से सकारात्मक पहल करने की मांग की गई। साथ ही संगठन विस्तार एवं नई खंड कार्यकारिणी के गठन को लेकर भी व्यापक मंथन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए खंड मंत्री उदाराम गोस्वामी ने शिक्षकों से संगठन के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक हितों की रक्षा एवं शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सभी शिक्षकों का संगठित रहना आवश्यक है।

विभाग संगठन मंत्री राकेश भार्गव ने महासंघ की कार्यप्रणाली, संगठन की गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन सदैव शिक्षक हितों के संरक्षण एवं समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में पे-प्रोटेक्शन, डीपीसी, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण शीघ्र खोलने, पदोन्नति सहित विभिन्न लंबित मामलों पर गंभीर चर्चा हुई। वक्ताओं ने सरकार से इन मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर शिक्षकों को राहत प्रदान करने की मांग की।

इस अवसर पर एसीबीईओ रोहताश चुघ ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विभाग स्तर पर लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया। उन्होंने शिक्षकों से विभागीय कार्यों में सहयोग बनाए रखने का भी आग्रह किया।

बैठक में नशा मुक्त समाज के निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा तक सीमित न रहकर सामाजिक जागरूकता अभियानों में भी अग्रणी भूमिका निभाएं तथा युवाओं को नशामुक्ति एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति प्रेरित करें।

अंत में शिक्षक हितों की लड़ाई को और अधिक प्रभावी बनाने, संगठन को मजबूत करने तथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए सभी शिक्षकों ने एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में महासंघ के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.