तिरंगा रैली से दिया संदेश
तीज महोत्सव के साथ निकली तिरंगा रैली, बच्चों ने दिया देशभक्ति व नशामुक्ति का संदेश
टिब्बी। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर निकटवर्ती गांव सलेमगढ़ मसानी स्थित आदर्श बाल सेकेंडरी स्कूल में तीज महोत्सव एवं तिरंगा रैली का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विद्यालय प्रधानाध्यापक राम प्रकाश शर्मा एवं अर्चना शर्मा ने विद्यार्थियों को तीज महोत्सव के महत्व तथा तिरंगा के सम्मान के बारे में जानकारी दी। इस दौरान छोटे-छोटे बच्चों ने झूलों का आनंद लिया और तीज पर्व की खुशियां मनाईं।
इसके बाद विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर गांव की गलियों में राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। बच्चों ने शिक्षा की अलख जगाने, नशे को दूर भगाने तथा राष्ट्र की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को शिक्षा एवं नशामुक्त समाज के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ के समुंदर सिंह, हरदीप कौर, विकास कुमार, संजना कंवर, रेनू वाला, ममता अटवाल, कंचन अटवाल, अमिता एवं किरण कौर सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया। विद्यार्थियों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।



