हर घर तिरंगा अभियान में प्रदर्शनी का आयोजन
11-12 अगस्त को टिब्बी में लगेगी तिरंगा प्रदर्शनी
हर घर तिरंगा अभियान के तहत उपखंड स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन, विद्यार्थियों व आमजन की होगी सहभागिता
टिब्बी। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत 11 एवं 12 अगस्त 2026 को टिब्बी में उपखंड स्तरीय तिरंगा प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी "तिरंगे की कहानी, देशभक्ति की निशानी" की थीम पर आयोजन प्रातः 9 बजे से शाम 6 बजे तक पंचायत समिति टिब्बी के पास स्थित डॉ अंबेडकर भवन में किया जाएगा।
प्रदर्शनी में नगर पालिका क्षेत्र एवं प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर एक तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को तिरंगे के महत्व और राष्ट्रभक्ति की भावना से अवगत कराया जाएगा। इसके साथ ही तिरंगे के महत्व को दर्शाने वाली फोटो एवं वीडियो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
प्रदर्शनी में चरखा एवं बुनकरों के माध्यम से हाथ से तिरंगा कपड़ा बनाने की कला का प्रदर्शन तथा राजस्थान की संस्कृति से संबंधित विभिन्न गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। प्रत्येक विभाग द्वारा प्रदर्शनी के लिए स्टॉल/फ्लेक्स तैयार किए जाएंगे तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग से समन्वय कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
प्रदर्शनी में ब्लॉक स्तरीय कार्यालयों के अधिकारी एवं कार्मिक आवश्यक रूप से उपस्थित रहेंगे। विद्यार्थियों को प्रदर्शनी गाइड के रूप में सहभागिता करवाई जाएगी तथा स्थानीय समुदाय एवं अभिभावकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उपखंड प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे 11-12 अगस्त को आयोजित तिरंगा प्रदर्शनी में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता कर आजादी के 80वें उत्सव एवं हर घर तिरंगा अभियान को जन-उत्सव बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

