नशामुक्त युवा एवं विकसित भारत अभियान”
नशामुक्त भारत का संदेश बना युवाओं की आवाज, जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में 250 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
हनुमानगढ़। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), हनुमानगढ़ द्वारा “नशामुक्त युवा एवं विकसित भारत अभियान” के अंतर्गत गुरुवार को एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से लगभग 200–250 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
एसकेडी में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसकेडी यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार मयंक एवं विशिष्ट अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक विक्रम शेखावत द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी बाधक बनता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश का युवा स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार होगा।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं के लिए भाषण प्रतियोगिता, नारा लेखन प्रतियोगिता, रील/शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, समूह गायन, समूह नृत्य, पेंटिंग प्रतियोगिता तथा कविता पाठ जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं का मुख्य विषय नशामुक्त भारत एवं विकसित भारत रहा। प्रतिभागियों ने अपने विचारों, कला, अभिनय, संगीत और चित्रकला के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों तथा जागरूक समाज की आवश्यकता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन हेतु जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से अनुभवी निर्णायक मंडल को आमंत्रित किया गया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, विषय की समझ, रचनात्मकता और संदेश की प्रभावशीलता के आधार पर परिणाम घोषित किए।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में नुक्कड़ नाटक में एसकेडी यूनिवर्सिटी के साइंस विभाग की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। समूह गायन प्रतियोगिता में सोनिया एवं उनकी टीम प्रथम स्थान पर रही। भाषण प्रतियोगिता में निखिल बिश्नोई ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रभावशाली वक्तृत्व कला से सभी को प्रभावित किया।ड्राइंग प्रतियोगिता में डिंपल पांडे प्रथम स्थान पर रहीं। पेंटिंग प्रतियोगिता में भी एसकेडी यूनिवर्सिटी की छात्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से नशामुक्त समाज का सशक्त संदेश दिया।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में अनेक विद्यार्थियों ने एकल गायन एवं एकल नृत्य जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उत्साहवर्धन किया गया, जबकि विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं आकर्षक मंच संचालन संजय बेनिवाल द्वारा किया गया। वहीं कार्यक्रम के सफल आयोजन में अशोक राजवंशी , एसकेडी यूनिवर्सिटी के राग रंग विभाग से डॉ. मीनल, डॉ. मनवीर का विशेष योगदान रहा, जिसकी सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों ने सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में जिला युवा अधिकारी प्रीति पंघाल ने सभी मुख्य अतिथियों, निर्णायक मंडल, शिक्षकों, प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेरा युवा भारत का उद्देश्य युवाओं को केवल विभिन्न गतिविधियों से जोड़ना ही नहीं, बल्कि उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास करना भी है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक जन-आंदोलन है, जिसमें प्रत्येक युवा की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम बनते हैं।


