iGOT कर्मयोगी प्रशिक्षण में प्रहलाद कुमार देश भर में अव्वल
iGOT कर्मयोगी प्रशिक्षण में दौलतपुरा के शिक्षक प्रहलाद कुमार ने किया गौरवान्वित, देशभर में प्राप्त किया प्रथम स्थान
टिब्बी। ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, दौलतपुरा में कार्यरत व्याख्याता प्रहलाद कुमार ने भारत सरकार के iGOT कर्मयोगी प्रशिक्षण में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अगस्त 2026 में जारी जुलाई 2026 की रैंकिंग के अनुसार उन्होंने 5312 प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के साथ 35109 कर्मयोगी अंक अर्जित किए हैं। स्कूल एजुकेशन ग्रुप की राष्ट्रीय रैंकिंग में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर उन्होंने देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रहलाद कुमार ने बताया कि उन्होंने शिक्षण-प्रशिक्षण एवं विद्यालय प्रबंधन के अलावा संसदीय कार्य, रक्षा, वित्त, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, अंतरिक्ष, जल संसाधन, खनिज, ऊर्जा, सड़क, रेल, वायुयान, समुद्री मार्ग, वन एवं पर्यावरण संरक्षण, कला एवं संस्कृति, खेल, प्राकृतिक आपदा प्रबंधन तथा उच्च शिक्षा सहित विभिन्न मंत्रालयों और विभागों से जुड़े प्रशिक्षण मॉड्यूल सफलतापूर्वक पूर्ण किए हैं। इन प्रशिक्षणों में प्रबंधन, अर्थव्यवस्था, शिक्षा, पशुपालन, पुलिस, आत्मरक्षा सहित अनेक विषयों का अध्ययन भी शामिल रहा।
उन्होंने हिंदी, अंग्रेज़ी सहित विभिन्न भाषाओं में उपलब्ध प्रशिक्षण मॉड्यूल पूरे किए तथा प्रशिक्षण अवधि के दौरान 261 इवेंट एवं कार्यशालाओं में सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके साथ ही उन्होंने 7887 घंटे से अधिक समय प्रशिक्षण प्राप्त करने में समर्पित किया।
विद्यालय प्रधानाचार्य जगजीत सिंह बराड़ एवं स्टाफ सदस्यों तथा क्षेत्र के शिक्षकों ने प्रहलाद कुमार की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा जगत के लिए प्रेरणादायी बताया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


