दिव्यांग जागरूकता एवं सेवा शिविर
सलेमगढ़ मसानी में दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति का जागरूकता एवं सेवा शिविर आयोजित
101 वर्षीय वयोवृद्ध सरदारु सिंह का सम्मान, 47 दिव्यांगों को रोडवेज स्मार्ट कार्ड सहित 20 को यूडीआईडी कार्ड वितरित
टिब्बी। दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति द्वारा गुरुवार को ग्राम पंचायत सलेमगढ़ मसानी स्थित भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र में वयोवृद्ध सम्मान, दिव्यांग उपकरण, यूडीआईडी कार्ड एवं रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड वितरण व जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में समिति के सहयोग से गांव के 101 वर्षीय वयोवृद्ध सरदारु सिंह का माल्यार्पण एवं चादर भेंट कर सम्मान किया गया। उन्हें मनोरंजन के लिए रेडियो तथा चलने-फिरने में सहायता के लिए वॉकिंग स्टिक भी भेंट की गई। इस दौरान 80 वर्ष से अधिक आयु के 6 वृद्धजनों को वॉकिंग स्टिक प्रदान की।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हनुमानगढ़ के सहयोग से चलने-फिरने में असमर्थ एक दिव्यांग को व्हीलचेयर, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विभिन्न श्रेणी के 20 दिव्यांगों को यूडीआईडी कार्ड तथा राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम हनुमानगढ़ के सहयोग से 47 लाभार्थियों को रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड प्रदान किए गए।
जिला चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाउन में दिव्यांग मेडिकल प्रमाण-पत्र से वंचित 8 दिव्यांगों की आवश्यक जांच मेडिकल बोर्ड टीम द्वारा करवाकर प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया पूर्ण करवाई। जिसने कार्यवाहक उप-नियंत्रक एवं मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. ओपी सोलंकी का विशेष सहयोग रहा।
इस मौके पर समिति अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा एवं सम्मान तथा पीड़ित, असहाय एवं जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से अपने माता-पिता एवं बुजुर्गों की सेवा करने तथा मानवता की भलाई के लिए आगे आने का आह्वान किया।
दिव्यांग जागरूकता शिविर में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सलेमगढ़ मसानी के प्रधानाचार्य शिवकुमार एवं पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि बलजीत सिंह ने समिति अध्यक्ष हरबंस लाल सहारण एवं अधिकार मित्र जगदीश डूडी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। खास बात ये भी है कि समिति अध्यक्ष हरबंस लाल सहारण एवं उनकी टीम द्वारा हनुमानगढ़ जिले के विभिन्न उपखंड क्षेत्रों में लगातार दिव्यांगों, वृद्धजनों एवं जरूरतमंद लोगों का चिन्हीकरण कर सहायता के लिए निस्वार्थ भाव से सेवाएं दी जा रही हैं।
शिविर में जिला चिकित्सालय के कार्यवाहक उप-नियंत्रक एवं मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. ओपी सोलंकी, रोगी मित्र नरेंद्र सिंह राजपूत कोहला, पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि बलजीत सिंह, प्रधानाचार्य शिवकुमार, रोडवेज पास शाखा प्रभारी मनीषा, अधिकार मित्र जगदीश डूडी, समिति सदस्य दिव्यांग हेमंत शाक्य पीलीबंगा, पंचायत कंप्यूटर ऑपरेटर छोटूराम, जिला चिकित्सालय पंजीकरण ऑपरेटर लालचंद मोरवाल, ई-मित्र संचालक कालूराम मोरवाल एवं मेहरवाला के दिव्यांग समाजसेवी चिरंजीलाल सहित अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा।




