फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग से बेहतर सड़क संपर्क, सुरक्षित यातायात और समग्र आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम
साधुवाली-बनवाला-हनुमानगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग होगा फोरलेन, 2386 करोड़ रुपए की परियोजना को मंजूरी
केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने दी जानकारी, श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
हनुमानगढ़। राजस्थान में सड़क अवसंरचना को नई गति देते हुए भारत सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग-954 के साधुवाली-बनवाला खंड तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-54 के बनवाला-हनुमानगढ़ खंड को पेव्ड शोल्डर्स सहित चार लेन में उन्नत करने की परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने बताया कि लगभग 2,386.08 करोड़ रुपये की लागत से इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी दी गई है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के इन खंडों के चार लेन में विकसित होने से लालगढ़ जट्टान, पक्का सहारना और हनुमानगढ़ जैसे प्रमुख शहरी क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा। भारी वाहनों का आवागमन आबादी वाले क्षेत्रों से बाहर डायवर्ट होने से यात्रा का समय घटेगा, सड़क सुरक्षा में सुधार होगा तथा परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम और प्रभावी बनेगी।
परियोजना से श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जैसे राजस्थान के दो प्रमुख जिला मुख्यालयों के बीच सड़क संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा। इससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलने के साथ-साथ व्यापार, कृषि एवं औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस कॉरिडोर के विकसित होने से क्षेत्र के पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी।
श्रीगंगानगर जिले के बालाजी धाम, फोर्ट राजवाड़ा और गौरी शंकर मंदिर तथा हनुमानगढ़ जिले के ऐतिहासिक भटनेर किला, कालीबंगा संग्रहालय और ब्राह्मणी माता मंदिर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों की पहुंच अधिक सुगम होगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में बेहतर सड़क संपर्क, सुरक्षित यातायात और समग्र आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
