नगर निकाय चुनाव 2026
पूनम शेखावत निर्विरोध बनीं नगरपालिका उपाध्यक्ष
टिब्बी की स्थानीय राजनीति में बदले सियासी समीकरण
टिब्बी। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत सोमवार को टिब्बी नगरपालिका के उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। निर्धारित समय में वार्ड 12 की नवनिर्वाचित पार्षद पूनम शेखावत (कांग्रेस) तथा वार्ड 5 की नवनिर्वाचित पार्षद निशा (निर्दलीय) ने नामांकन दाखिल किया।
नाम वापसी के दौरान निशा द्वारा अपना नामांकन वापस लेने के बाद रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बाबूलाल रैगर ने पूनम शेखावत को नगरपालिका उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। निर्वाचन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई।
नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस के 8 पार्षदों तथा चार निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से देवीलाल मेहरड़ा के अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद अब पूनम शेखावत के उपाध्यक्ष बनने से नगरपालिका में कांग्रेस नेतृत्व वाली व्यवस्था बनी है।
टिब्बी नगरपालिका के इस चुनाव में कांग्रेस के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पद हासिल किए हैं। उपलब्ध चुनाव परिणामों के अनुसार भाजपा को नगरपालिका में कोई वार्ड नहीं मिला। विधायक अभिमन्यु पूनियां के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवा टीम ने चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाई।
पूनम शेखावत के निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के साथ ही टिब्बी की स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बने हैं। अब नगरपालिका के सृजन होने के बाद पहली बार बने कांग्रेस बोर्ड व्यवस्था के सामने शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी होगी।
