टिब्बी नगरपालिका अध्यक्ष देवीलाल मेहरड़ा हुए निर्वाचित
नगर निकाय चुनाव, टिब्बी नगरपालिका के अध्यक्ष पद पर देवीलाल मेहरड़ा हुए निर्वाचित
विधायक अभिमन्यु पूनियां के कुशल नेतृत्व में कांग्रेस समर्थित 12 सदस्यों की एकजुटता से पाया बहुमत
टिब्बी। नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत प्राप्त करते हुए पहली बार नगरपालिका में अपना बोर्ड बनाने में परचम लहराया है। कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी देवीलाल मेहरड़ा ने 4 मतों के अंतर से ऐतिहासिक जीत प्राप्त करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भोला सिंह बाजीगर को पराजित किया। टिब्बी की स्थानीय राजनीतिक परिदृश्य में यह जीत बेहद खास मानी जा रही है, यह टिब्बी नगरपालिका के सृजित होने के बाद पहली बार निर्वाचन हो रहा था। यहां विधायक अभिमन्यु पूनियां के नेतृत्व में कांग्रेस ने सुनियोजित रणनीति और कुशल तालमेल के जरिए निर्दलीयों और समर्थक पार्षदों को एकजुट रख बोर्ड बनाने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए मैदान में दो उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे थे। इनमें वार्ड 2 के नवनिर्वाचित पार्षद कांग्रेस प्रत्याशी देवीलाल मेहरड़ा व वार्ड 6 के नवनिर्वाचित पार्षद निर्दलीय प्रत्याशी भोला सिंह बाजीगर चुनावी रण के मैदान में उतरे थे। लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी देवीलाल के समर्थन में पार्षदों ने एकजुटता का परिचय देते हुए मतदान किया। मतदान के बाद जब मतों की गिनती शुरू हुई, तो परिणाम कांग्रेस के पक्ष में नजर आया। 20 वार्डो की नगरपालिका के चुनाव में देवीलाल (कांग्रेस) 12 मत, निर्दलीय भोला सिंह बाजीगर को 8 मत मिले।इस प्रकार 4 मतों के निर्णायक अंतर से देवीलाल मेहरड़ा को टिब्बी नगरपालिका का पहला अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
सोमवार सुबह से ही नगरपालिका परिसर और आसपास के इलाके में चुनावी गहमागहमी के साथ उत्साह नजर आया। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए मतदान के बाद नवनिर्वाचित पार्षदों के पहुंचने से कुछ देर के लिए चुनावी माहौल में सरगर्मी बढ़ गई और नव निर्वाचित पार्षदो ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सभी पार्षदों के मताधिकार का प्रयोग करने तक राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी रहा। वही जब मतदान के लिए कांग्रेस समर्थित पार्षदों की गाड़ी में आने के दौरान कुछ गहमागहमी व हड़बड़ाहट दिखाई दी। लेकिन गाड़ी में आए 12 कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने एकजुटता दिखाई और जीत हासिल की।
टिब्बी नगरपालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनाने और देवीलाल मेहरड़ा को अध्यक्ष बनाने की जीत के पीछे स्थानीय विधायक अभिमन्यु पूनिया की संगठनात्मक कुशलता और राजनीतिक रणनीति रही । 20 वार्डों वाली इस नगरपालिका में टिकट वितरण से लेकर चुनाव एवं उसके बाद निर्वाचित पार्षदों को एकजुट रखने तथा अन्य निर्दलीयों का समर्थन हासिल करने में विधायक पूनिया ने पूरी कमान संभाली। उन्होंने सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत घेराबंदी की।
पार्षद चुनाव में कांग्रेस ने प्रभावी रणनीति से 8 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा जीरो पर सिमट गई। 11 निर्दलीय विजय हुए थे। मतदान के दिन तक सभी समर्थकों को साधे रखना और बहुमत का आंकड़ा 12 मतों के आंकड़े को जुटा लेना विधायक अभिमन्यु पूनिया के मजबूत राजनीतिक प्रभाव और कुशल प्रबंधन का प्रमाण दिया।
रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बाबूलाल रैगर ने जैसे ही देवीलाल मेहरड़ा की आधिकारिक जीत की घोषणा की, नगरपालिका परिसर के बाहर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की, एक-दूसरे को गले लगाकर मिठाइयां बांटीं और बधाई दी।
जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष देवीलाल मेहरड़ा ने कहा कि टिब्बी की जनता और निर्वाचित पार्षदों ने जो अपार विश्वास कांग्रेस पार्टी पर जताया है, उस पर पूरी निष्ठा से खरा रहूंगा। शहर की जनता ने विधायक अभिमन्यु पूनिया के विकास की सोच के विजन पर अपनी मुहर लगाई है।
विधायक अभिमन्यु पूनियां ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने जो विश्वास दिखाया है। नगर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। नगरपालिका क्षेत्र में बिना किसी राजनीतिक या वार्ड स्तर के भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे और सबको साथ लेकर आगे बढ़ेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि टिब्बी में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करना, खस्ताहाल सड़कों और नालियों का निर्माण, शुद्ध पेयजल की सुचारू आपूर्ति, खेल मैदान, आधुनिक स्ट्रीट लाइट व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार करना व शहर के हर नागरिक से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पहली प्राथमिकता रहेगी।
