News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

विकसित भारत जन सेवा अभियान में रक्तदान शिविर

विकसित भारत जन सेवा अभियान में रक्तदान शिविर

विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत रक्तदान को मिल रहा बढ़ावा, 8 शिविरों में 643 यूनिट रक्त संग्रहित

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जिलेभर में आयोजित किए जा रहे रक्तदान शिविर, 

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अधिकाधिक भागीदारी की अपील की

हनुमानगढ़। जिले में रक्तदान को बढ़ावा देने और जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत लगातार रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के साथ ही स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत जिले में अब तक हनुमानगढ़, पीलीबंगा और संगरिया क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 8 रक्तदान शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में कुल 643 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ है। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितम्बर को जिला मुख्यालय पर आयोजित रक्तदान शिविर से हुई थी। इसके बाद जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को इस मानवीय कार्य से जोड़ा जा रहा है। डॉ. शर्मा ने बताया कि आयोजित किए गए रक्तदान शिविरों में विभिन्न ब्लड सेंटरों की टीमों ने रक्त संग्रहण में सहयोग किया। शिविरों में रक्तदाताओं ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविरों में रक्तदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि रक्तदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी, ऑपरेशन तथा अन्य चिकित्सकीय परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त की आवश्यकता पड़ सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से एकत्रित किया गया रक्त जरूरतमंद मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

नाथवाना में 24 सितम्बर को लगेगा रक्तदान शिविर

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत गुरुवार, 24 सितम्बर को संगरिया खण्ड के गांव नाथवाना स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा आमजन से शिविर में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढऩे से रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

एक यूनिट रक्त से बच सकती है किसी की जान

डॉ. शर्मा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान कर इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय किसी व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला कार्य है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभियान के दौरान जिले के अन्य क्षेत्रों में भी रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। विभाग का प्रयास है कि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक रक्तदान का संदेश पहुंचे और जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को और गति मिले।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.