कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन
29 सितंबर को मेहरवाला में होगा 21वीं सदी के कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन
विद्यालय स्तर पर चयनित कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थी लेंगे भाग, ब्लॉक स्तर पर तीन प्रकार की गतिविधियां होंगी आयोजित
टिब्बी। विद्यार्थियों में 21वीं सदी के कौशलों का विकास करने के उद्देश्य से समग्र शिक्षा के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 29 सितंबर 2026 को पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मेहरवाला में किया जाएगा।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा टिब्बी द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा हनुमानगढ़ के निर्देशों की पालना में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में ब्लॉक के प्रत्येक विद्यालय से कक्षा 9 से 12 तक के दो चयनित विद्यार्थी भाग लेंगे। विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें ब्लॉक स्तरीय गतिविधियों में शामिल किया जाएगा।
ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों के प्रदर्शन एवं सहभागिता के आधार पर तीन प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। निर्णायक मंडल द्वारा प्रत्येक ब्लॉक से दो विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए किया जाएगा।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित विद्यालयों को निर्देशित किया है कि गतिविधियों का आयोजन कर चयनित विद्यार्थियों की जानकारी ब्लॉक कार्यालय को उपलब्ध करवाएं, ताकि जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्यवाही की जा सके।
