News Breaking News
Live
wb_sunny

Breaking News

हनुमानगढ़ जिला अस्पताल को मिला राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणन

हनुमानगढ़ जिला अस्पताल को मिला राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणन

जिला अस्पताल हनुमानगढ़ को 21 विभागों के लिए मिला नेशनल सर्टिफिकेशन

एनक्यूएएस के साथ लक्ष्य एवं मुस्कान कार्यक्रम में भी प्रमाणन; राजस्थान का समस्त 21 विभागों के प्रमाणीकरण वाला प्रथम चिकित्सा संस्थान

हनुमानगढ़। जिले के हनुमानगढ़ टाऊन स्थित महात्मा गांधी स्मृति राजकीय जिला चिकित्सालय ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के तहत राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणन प्राप्त किया है। अस्पताल के समस्त 21 विभागों का गुणवत्ता मानकों के अनुरूप प्रमाणीकरण हुआ है। इंटीग्रेटेड चेकलिस्ट के अनुसार 21 विभागों के साथ-साथ लक्ष्य एवं मुस्कान कार्यक्रम में भी प्रमाणन प्राप्त हुआ है। अस्पताल के अनुसार समस्त 21 विभागों के प्रमाणीकरण वाला यह राजस्थान का प्रथम चिकित्सा संस्थान है।

राष्ट्रीय प्रमाणन से जिला अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा, संक्रमण नियंत्रण, स्वच्छता, दवा एवं जांच सेवाओं, दस्तावेजीकरण तथा अन्य चिकित्सा व्यवस्थाओं को निर्धारित राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप बनाए रखने की दिशा में किए गए प्रयासों को मान्यता मिली है। अस्पताल की टीम ने मरीजों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया।

पीएमओ डॉ. शंकर लाल सोनी ने बताया कि इस उपलब्धि से अस्पताल को वित्तीय रूप से भी लाभ मिलेगा। एनक्यूएएस के तहत प्रतिवर्ष 50 लाख रुपये, लक्ष्य एवं मुस्कान कार्यक्रम के तहत प्रतिवर्ष 18 लाख रुपये तथा एमएए योजना के पैकेजों में अतिरिक्त 5 प्रतिशत के सहयोग से लगभग एक करोड़ रुपये प्रतिवर्ष की राशि लगातार तीन वर्षों तक प्राप्त होगी। इससे अस्पताल की गुणवत्ता सुधार गतिविधियों एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

पीएमओ ने बताया कि यह उपलब्धि चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ, तकनीकी कर्मचारियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं संविदा कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। गुणवत्ता मानकों को प्रभावी रूप से लागू करने और मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए अस्पताल स्तर पर लगातार कार्य किया गया।

इस उपलब्धि में राज्य स्तर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग श्रीमती गायत्री राठौड़, मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम, निदेशक जनस्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा एवं राज्य क्वालिटी सेल की एसएनओ डॉ. किरण अरोड़ा का मार्गदर्शन रहा। जिला स्तर पर जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. कीर्ति शेखावत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा तथा जिला क्वालिटी टीम का सहयोग रहा। डॉ. अखिलेश शर्मा, डॉ. अशोक खाती, सुनील कुमार शर्मा, डॉ. विनोद सहारण, डॉ. ओपी सोलंकी सहित जिला अस्पताल की टीम के सदस्यों ने भी प्रमाणन की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.