निर्वाचन स्टोर का किया निरीक्षण
मतदान सामग्री बैग्स का जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया निरीक्षण
निर्वाचन स्टोर की तैयारियों का लिया जायजा
हनुमानगढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव ने सिंचाई विभाग विश्राम गृह परिसर स्थित जिला निर्वाचन स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान मतदान दलों के लिए तैयार किए गए मतदान सामग्री बैग्स तथा उनमें उपलब्ध कराई गई चुनाव सामग्री का गहनता से अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रत्येक मतदान सामग्री बैग में रखे गए प्रपत्रों, स्टेशनरी एवं अन्य आवश्यक सामग्री की विस्तार से जांच की। सभी बैग राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुव्यवस्थित पाए गए। जिला कलेक्टर ने मतदान दिवस पर सामग्री वितरण की व्यवस्था का भी जायजा लिया और सुनिश्चित किया कि प्रत्येक मतदान दल को आवश्यक सामग्री समय पर उपलब्ध कराई जा सके।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन स्टोर प्रभारी अधिकारी श्रीमती आकाशदीप सिद्ध ने मतदान सामग्री बैग तैयार करने की संपूर्ण प्रक्रिया, सामग्री के वितरण की व्यवस्था तथा उसकी उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदान दलों के लिए तैयार किए गए नियमित बैग्स के अतिरिक्त किसी भी आकस्मिक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक जोनल मजिस्ट्रेट के लिए एक-एक अतिरिक्त बैग तथा प्रत्येक निकाय मुख्यालय स्थित रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में पांच-पांच रिजर्व मतदान सामग्री बैग भी तैयार रखे गए हैं, ताकि मतदान दिवस पर किसी भी प्रकार की सामग्री की कमी या व्यवधान की स्थिति उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान सामग्री की गुणवत्ता, पैकिंग एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों एवं कार्मिकों को चुनाव संबंधी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं आयोग के निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की सफलता के लिए सूक्ष्म स्तर पर की गई तैयारियां अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन स्टोर की सभी तैयारियां पूर्ण एवं संतोषजनक पाई गईं। इस मौके पर जिला परिषद सीईओ सुश्री श्रद्धा गोमे सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहें।



