नगरीय निकाय चुनाव हेतु जिला स्तरीय बैठक आयोजित
कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित
संवेदनशील मतदान केंद्रों, पुलिस तैनाती एवं चुनावी तैयारियों की हुई विस्तृत समीक्षा
हनुमानगढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री उम्मेदी लाल मीणा, एडिशनल एसपी श्री अरविंद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी रिटर्निंग अधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक (डीवाईएसपी) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
बैठक में नगरीय निकाय चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की समीक्षा करते हुए वहां सुरक्षा के विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने, कानून व्यवस्था रिपोर्ट (एल.ओ.आर.) की स्थिति का आकलन करने, शस्त्र छूट (डीएलएससी) प्रकरणों का परीक्षण करने तथा मतदान अवधि के दौरान सूखा दिवस की प्रभावी पालना एवं अवैध शराब की बिक्री और वितरण पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव ने पुलिस अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस डिप्लॉयमेंट प्लान को अंतिम रूप देने, सेक्टर अधिकारियों एवं एरिया मजिस्ट्रेट की प्रभावी नियुक्ति सुनिश्चित करने तथा सभी संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करते हुए प्रत्येक स्तर पर सतर्कता बरती जाए, ताकि मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक के दौरान चुनाव संबंधी अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई तथा सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण पर सतत निगरानी रखी जाएगी तथा कानून एवं शांति व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
