विद्या संबल योजना में भर्ती प्रक्रिया रोकने की मांग
विद्या संबल योजना में आरक्षण लागू करने की मांग
राजस्थान शिक्षक संघ अंबेडकर उपशाखा टिब्बी ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
भर्ती प्रक्रिया को स्थगित रखने की अपील
टिब्बी। राजस्थान सरकार द्वारा राजकीय विद्यालयों में रिक्त पदों पर विद्या संबल योजना के तहत गेस्ट फैकल्टी शिक्षक लगाने के निर्णय पर राजस्थान शिक्षक संघ अम्बेडकर ने सरकार से योजना में संविधान सम्मत आरक्षण प्रावधान लागू होने तक वर्तमान चयन प्रक्रिया को स्थगित रखने की मांग की है।
संगठन ने मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि विद्या संबल योजना का उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर कर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, लेकिन जारी निर्देशों में आरक्षण एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के स्पष्ट प्रावधान नहीं होने से आरक्षित वर्ग के संवैधानिक हित प्रभावित होने की आशंका है।
संगठन ने मांग की कि विद्या संबल भर्ती में संविधान के अनुच्छेद 14 एवं 16 के अनुरूप समान अवसर, पारदर्शिता और आरक्षण सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक कैडर की कुल स्वीकृत, कार्यरत एवं रिक्त पदों का विवरण सार्वजनिक कर कैडरवार आरक्षण रोस्टर लागू करने तथा SC/ST सहित आरक्षित वर्गों का संवैधानिक आरक्षण सुनिश्चित करने की मांग की गई।
पत्र में यह भी मांग की गई कि योजना में शामिल सीधी भर्ती योग्य रिक्त पदों के लिए समानांतर सीधी भर्ती विज्ञप्ति एवं पदोन्नति योग्य पदों के लिए डीपीसी कैलेंडर जारी किया जाए। साथ ही व्याख्याता के साथ वरिष्ठ अध्यापक, विशेष शिक्षा एवं शारीरिक शिक्षा के रिक्त पदों को भी योजना में शामिल करने की मांग रखी गई।
संगठन ने संविदा भर्तियों में आरक्षण प्रावधानों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने, पूर्व की संविदात्मक व्यवस्थाओं की समीक्षा तथा लंबे समय से संचालित होने के बाद विद्या संबल योजना में भी भविष्य में विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए स्पष्ट एवं विधिसम्मत प्रावधान पहले से निर्धारित करने की मांग की।
इसके अतिरिक्त, क्रमोन्नत हुए हजारों विद्यालयों में अभी तक पद सृजित नहीं होने का उल्लेख करते हुए सभी ऐसे विद्यालयों में आवश्यक पद स्वीकृत करने तथा स्वीकृत पदों के अनुरूप शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की गई। संगठन ने सरकार से आग्रह किया कि आरक्षण एवं रोस्टर व्यवस्था स्पष्ट होने तक विद्या संबल योजना की वर्तमान चयन प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से स्थगित रखा जाए। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में तहसील अध्यक्ष बूटा सिंह बजरोत, दलीप कुमार, जयपाल, चंद्रभान, बलराम, मलकीत सिंह,महेंद्र सिंह, भीम, अरविंद कुमार, राकेश कुमार, साहबराम तथा अनिल कुमार मौजूद रहे।
