नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम
नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव : युवाओं को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं छात्रावास में आयोजित हुआ ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम,
नारा लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं का किया सम्मान
हनुमानगढ़। मेरा युवा भारत (माय भारत) हनुमानगढ़ के तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम का आयोजन रविवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, हनुमानगढ़ तथा राजकीय सावित्री बाई फुले महाविद्यालय स्तरीय छात्रावास, हनुमानगढ़ में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने युवाओं से समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नारा लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति एवं स्वस्थ समाज का संदेश देते हुए आकर्षक और प्रभावी नारों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को सम्मान चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में माय भारत हनुमानगढ़ की जिला युवा अधिकारी श्रीमती प्रीति, लेखा एवं कार्यक्रम सहायक श्री गौरव चुघ तथा कार्यालय स्टाफ के श्री विजय कुमार एवं श्री योगेन्द्र सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता और उत्साह देखने को मिला।


