सेम ग्रस्त पानी निकासी के लिए पंप शुरू करने की मांग
सेम ग्रस्त पानी निकासी के लिए पंप हाउस शुरू करने की मांग,
5 अक्टूबर तक प्रशासन ने दिया था आश्वासन, शुरू नहीं करने पर जताया रोष
लुणा वाली ढाणी पंप हाउस एक सप्ताह में शुरू करने का एक्सईएन ने दिया आश्वासन
कार्य शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीण करेंगे आंदोलन—किसान नेता मनीष बुरड़क
टिब्बी। टिब्बी तहसील की ग्राम पंचायत मसीतांवाली की लुणा वाली ढाणी के पास सेमग्रस्त पानी निकासी के लिए पंप हाउस को सुचारू रूप से शुरू करने में हो रही देरी को लेकर सोमवार को किसान नेता मनीष बुरड़क के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभाग के एक्सईएन सुनील निवास पहुंचे और पंप हाउस शुरू करने के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा।
एक्सईएन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि बिना किसी और देरी के एक सप्ताह के भीतर पंप हाउस शुरू कर पानी निकासी का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ठेकेदार एवं संबंधित विभाग द्वारा कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा किया जाएगा।
गौरतलब है कि पंप हाउस शुरू करने में लगातार हो रही देरी एवं तकनीकी समस्याओं के चलते विगत दिनों ग्रामीणों ने किसान नेता मनीष बुरड़क के नेतृत्व में लुणा वाली ढाणी टोल नाके पर सांकेतिक प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के बाद स्थानीय प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को 5 अक्टूबर तक तकनीकी समस्याओं का समाधान कर पंप हाउस शुरू करने का आश्वासन दिया गया था।
5 अक्टूबर को निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बावजूद पंप हाउस शुरू नहीं होने पर ग्रामीणों ने समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में पहुंचे एक्सईएन ने ग्रामीणों से एक सप्ताह का समय मांगा और निर्धारित अवधि में पानी निकासी शुरू करने का भरोसा दिलाया।
किसान नेता मनीष बुरड़क ने कहा कि क्षेत्र में पानी निकासी की समस्या का समय रहते समाधान नहीं हुआ तो आगामी गेहूं की बिजाई में किसानों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से क्षेत्र के किसान गेहूं की बिजाई नहीं कर पा रहे हैं, ऐसे में पंप हाउस को जल्द शुरू करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि लुणा वाली ढाणी पंप हाउस अभी तक शुरू नहीं हो पाना संबंधित ठेकेदार एवं विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। वहीं डबली कलां पुराने गांव में किसानों की सक्रियता और संघर्ष के परिणामस्वरूप पंप हाउस लगातार चलाकर पानी निकासी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि लुणा वाली ढाणी पंप हाउस को लेकर विभाग एवं ठेकेदार गंभीरता से कार्य करते तो यहां भी अब तक पानी निकासी शुरू हो सकती थी।
बुरड़क ने स्पष्ट किया कि एक्सईएन ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर एक सप्ताह में कार्य शुरू करने का भरोसा दिया है। यदि निर्धारित समय सीमा में पंप हाउस शुरू कर पानी निकासी का कार्य नहीं किया गया तो ग्रामीण पंचायतीराज चुनावों के बीच भी आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में बृजलाल सहारण, पूर्व सरपंच वेदपाल बुरड़क, ओमप्रकाश छिपा, हाकम बुरड़क, जसवंत पिलानियां, कालूराम छिपा, रामकरण गोदारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

