पंचायत आम चुनाव के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण
पंचायत आम चुनाव 2026: नामांकन प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न
19 अक्टूबर को जारी होगी निर्वाचन की लोक सूचना,
नामांकन पत्रों की जांच, कानूनी प्रावधानों और हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली समझाई
हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में हुए प्रशिक्षण में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने, उनकी संवीक्षा करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 अक्टूबर को निर्वाचन की लोक सूचना जारी की जानी है, जिसके बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।
जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री महेंद्रपाल सिंह ने नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने और उनकी जांच की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने एक से अधिक नामांकन पत्र प्रस्तुत करने के नियमों, प्रतिभूति राशि की वापसी संबंधी प्रावधानों तथा प्रारूप ‘क’ एवं प्रारूप ‘ख’ की जानकारी दी। नामांकन पत्र के साथ आपराधिक मामलों, शैक्षणिक योग्यता, संपत्ति एवं देनदारियों से संबंधित निर्धारित शपथ-पत्र भरने की प्रक्रिया भी समझाई गई। शपथ-पत्र में आवश्यक प्रविष्टियां अधूरी होने पर जारी किए जाने वाले मेमो के संबंध में भी जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में पंचायत निर्वाचन नियम, 1994 के नियम 27 एवं नियम 58(5) तथा एसईसी सिंबल के पैरा 7 के तहत संवीक्षा संबंधी प्रावधानों पर चर्चा की गई। अधिकारियों को रिटर्निंग अधिकारी की संवीक्षा जांच सूची तथा अभ्यर्थियों की पात्रता एवं अयोग्यता से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके अलावा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे तक प्राप्त नामांकन पत्रों की सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने और राज्य निर्वाचन आयोग को प्रेषित करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
एसडीएम संगरिया श्री जय कौशिक ने प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए पृथक परफॉर्मा तैयार करने, प्रारूप ‘ख’ के बिंदु संख्या 6 में प्रतिस्थानी अभ्यर्थी तथा अनापत्ति प्रमाण-पत्र (नो ड्यूज) से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नामांकन प्रक्रिया के दौरान नियमों का सही तरीके से पालन करने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण के दौरान नाम निर्देशन पत्रों की जांच के लिए तैनात कार्मिकों तथा हेल्प डेस्क पर एकल खिड़की के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। हेल्प डेस्क कार्मिकों की सुविधा के लिए जिला स्तर पर चेकलिस्ट तैयार की गई है, ताकि नामांकन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं की जांच व्यवस्थित रूप से की जा सके। इस अवसर पर निर्वाचन शाखा के श्री बलवीर सिंह, श्री पवन वर्मा सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

