गांधीजी एवं शास्त्रीजी की जयंती पर किया याद
महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर किया नमन, आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान
टिब्बी ब्लॉक के राजकीय एवं निजी विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों ने लिया सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता का संकल्प
टिब्बी। ब्लॉक के राजकीय एवं निजी विद्यालयों में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर दोनों महापुरुषों के चित्रों एवं प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा उनके जीवन, आदर्शों और देश के प्रति योगदान को याद किया गया।
![]() |
कार्यक्रमों के दौरान वक्ताओं ने महात्मा गांधी को सत्य, शांति एवं अहिंसा का पुजारी बताते हुए उनके विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर देश एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
भुरानपुरा विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भुरानपुरा में गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, निबंध एवं अभिनय प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालय में स्वच्छता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया तथा गांधीजी के जीवन पर आधारित पुस्तकों की स्टॉल लगाई गई। इस दौरान गांव के वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। विद्यालय स्टाफ के हेतराम नेण ने विद्यार्थियों को प्रेरित करने के लिए महात्मा गांधी की वेशभूषा में रोल प्ले किया तथा चरखे से सूत कातने का प्रदर्शन कर गांधीजी के स्वदेशी एवं आत्मनिर्भरता के संदेश से अवगत कराया।
पन्नीवाली विद्यालय में विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पन्नीवाली में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों एवं राष्ट्र के प्रति योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंतर्गत भाषण, निबंध, चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के साथ प्रेरक प्रसंग, भजन गायन एवं सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वदेशी एवं स्वच्छता के संदेश तथा शास्त्रीजी के सादगी, ईमानदारी एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
2 अक्टूबर को स्वच्छता दिवस के रूप में मनाते हुए विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यालयों में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, स्वच्छता, सत्य, अहिंसा, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।



