E-Manas/ई-मानस

E Manas

संविधान बचाओ रैली राजनीतिक आयोजन नहीं है, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की पुकार है

टिब्बी में संविधान बचाओ रैली का आयोजन

वक्ता बोले, संविधान देश की आत्मा है, संवैधानिक संस्थाओं का हो रहा है दुरुपयोग, मिलकर करना होगा मुकाबला

कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव, ढाणी  ढाणी जाकर कांग्रेस की रीति-नीति से आमजन को करवाए अवगत

विधायक अभिमन्यु पूनियां बोले,  "यह रैली जनहित के मुद्दों को उठाने और संविधान विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का है मंच"



पहलगाम में शहीद हुए नागरिकों व जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता



जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ के नेतृत्व में जिला स्तरीय संविधान बचाओ रैली का आयोजन शनिवार टिब्बी के अग्रवाल पैलेस में हुआ। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी की अध्यक्षता में आयोजित संविधान बचाओ रैली की का शुभारंभ पहलगाम आतंकी हमले व ऑपरेशन सिंदूर में शहीद जवानों और निर्दाेष नागरिकों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट के मौन के साथ हुआ। और इसके बाद उपस्थित जनों ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम गाया। मुख्य अतिथि रतनगढ़ विधायक, पीसीसी प्रभारी महामंत्री पूसाराम गोदारा ने कहा कि सरकार संवैधानिक मूल्यों पर आघात के साथ साथ अपने खिलाफ उठने वाली विरोध की हर आवाज को कुचलने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान देश की आत्मा है, इसे कमजोर करने वाली हर ताकत का मिलकर मुकाबला करना होगा। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर कांग्रेस की रीति-नीति से लोगों को अवगत कराएं। इसी के साथ देश के विकास में कांग्रेस पार्टी के योगदान के बारे में भी लोगों को जागरूक करें। रैली के पीसीसी प्रभारी महेंद्र गहलोत ने कहा कि सरकार जांच एजेंसियों का लगातार दुरुपयोग करने के साथ साथ बजट में भी केवल लुभावनी घोषणाएं कर भोली भाली जनता के साथ धोखा किया जा रहा है।डीसीसी अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी ने आरोप लगाया कि सरकार संविधान को कमजोर कर रही है। कानून कायदे ताक पर रख दिए गए हैं। पंचायतीराज और नगर निकाय के चुनाव पांच साल में होने चाहिए, लेकिन इस नियम की भी अवहेलना हो रही है। लोगों को तीन-तीन महीने से पेंशन नहीं मिल रही। लोग सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। विधायक अभिमन्यु पूनिया ने कहा कि सत्ता पक्ष ने लोगों को जाति-धर्म के नाम पर बांटने का काम किया है। लोग बिजली और पानी की समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह रैली जनहित के मुद्दों को उठाने और संविधान विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का मंच है।विधायक अमित चाचाण ने कहा कि यह केवल राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि संविधान, अधिकारों व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की पुकार है। पूर्व सांसद भरतराम मेघवाल व पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने सभी कार्यकर्ताओं व आम नागरिकों से कहा कि बड़ी संख्या में उपस्थिति व समर्थन से प्रतीत होता है कि हनुमानगढ़ की जनता संविधान और लोकतंत्र के प्रति पूरी तरह जागरूक है। टिब्बी ब्लॉक अध्यक्ष हरनेक सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन गुरमीत सिंह चन्दड़ा व रामेश्वर चांवरिया ने किया। रैली में विधायक विनोद गोठवाल, जिला प्रमुख कविता मेघवाल, जनप्रतिनिधि, डीसीसी पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, संगठन, विभाग-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, पंचायतराज और स्थानीय निकाय के जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। अंत में राष्ट्र गान जन, गण, मण के साथ समापन हुआ।


Post a Comment

Previous Post Next Post