संपूर्णता अभियान में संगरिया ब्लॉक का उत्कृष्ट प्रदर्शन, किया सम्मानित

नीति आयोग द्वारा सम्पूर्णता अभियान में संगरिया ब्लॉक रहा अग्रणी, मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने किया सम्मानित

5 प्रमुख संकेतकों की पूर्ण संतृप्ति वाले संगरिया को रजत पदक एवं प्रशस्ति पत्र

हनुमानगढ़। सम्पूर्णता अभियान के अन्तर्गत उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले ब्लॉक संगरिया के लिए पूर्व जिला कलेक्टर श्री काना राम एवं वर्तमान जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव के प्रतिनिधि के तौर पर संगरिया एसडीएम श्री जय कौशिक का राजधानी स्थित भगवत सिंह मेहता सभागार में सोमवार को आयोजित हुए राज्य स्तरीय समारोह में सम्मान किया गया। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कलेक्ट्रेट परिसर में किया गया, जिसमें जिला कलेक्टर सहित सभी अधिकारी मौजूद रहे।

राजस्थान सरकार एवं नीति आयोग ने आंकाक्षी जिलों और आशान्वित ब्लॉकों मे सम्पूर्णता अभियान संचालित किया था, उसमें प्रदर्शन के आधार पर रैंक जारी की गई है। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य सचिव श्री सुधांशु पंत, नीति आयोग के अतिरिक्त सचिव श्री रोहित कुमार एवं राज्य के आयोजना विभाग में प्रमुख शासन सचिव श्री भवानी सिंह देथा भी उपस्थित रहे। 

सम्पूर्णता अभियान का उद्देश्य देश के चयनित आशान्वित जिलों एवं ब्लॉकों में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि , जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास तथा आधारभूत ढाँचे से संबंधित 6 प्रमुख संकेतकों में सेचुरेशन प्राप्त करना था। यह अभियान नीति आयोग द्वारा जनवरी, 2024 से सितम्बर, 2024 तक राजस्थान के 5 आकांक्षी जिलों एवं 27 आकांक्षी ब्लॉकों सहित भारत के 112 आकांक्षी जिलों एवं 500 आकांक्षी ब्लॉकों में क्रियान्वित किया गया, जिनमें जिले का एकमात्र संगरिया ब्लॉक शामिल है।

समारोह में 6 प्रमुख संकेतकों की पूर्ण संतृप्ति वाले जिले को स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति पत्र तथा 4 प्रमुख संकेतकों की पूर्ण संतृप्ति वाले 4 जिलों को कांस्य पदक एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के अन्तर्गत 6 प्रमुख संकेतकों की पूर्ण संतृप्ति वाले 3 ब्लॉकों को स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति पत्र, 5 प्रमुख संकेतकों की पूर्ण संतृप्ति वाले संगरिया सहित 9 ब्लॉकों को रजत पदक एवं प्रशस्ति पत्र, 4 प्रमुख संकेतंको की पूर्ण संतृप्ति करने वाले 8 ब्लॉकों को कांस्य पदक एवं प्रशस्ति पत्र तथा 3 प्रमुख संकेतंको की पूर्ण संतृप्ति करने वाले 3 ब्लॉको को ताम्र पदक एवं प्रशस्ति पदक से सम्मानित किया गया।

सम्पूर्णता अभियान केन्द्र और राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का जीवन्त प्रतीक है, जिसके अंतर्गत शासन की योजनाओं को केवल कागज़ों तक सीमित न रखकर अंतिम लाभार्थी तक पहुँचाया जा रहा है। यह अभियान जिले में जनभागीदारी आधारित सुशासन, विकेन्द्रीकृत सेवा वितरण एवं नवाचार पर आधारित समन्वित प्रयासों का उत्कृष्ठ उदाहरण बनकर उभरा है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post