आत्मा परियोजना के तहत जिले में कृषक–वैज्ञानिक संवाद, 62 प्रगतिशील किसानों ने लिया भाग
हनुमानगढ़। आत्मा परियोजना के अंतर्गत मंगलवार को हनुमानगढ़ आत्मा परियोजना कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक दिवसीय कृषक–वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के 62 प्रगतिशील कृषकों ने सहभागिता की। कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने किसानों से सीधा संवाद कर आधुनिक खेती, नवाचार और आयवर्धन के उपायों पर विस्तार से जानकारी साझा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. सुभाष चंद्र डूडी ने किसानों का स्वागत किया और कृषक–वैज्ञानिक संवाद की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी दी और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए फसल बीमा को आवश्यक बताया।
कृषि अनुसंधान केंद्र, श्रीगंगानगर के क्षेत्रीय अनुसंधान निदेशक डॉ. ए.के. शर्मा ने विशेष रूप से कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कृषि क्षेत्र में हो रहे नवीन अनुसंधान और नवाचारों की जानकारी देते हुए रबी सीजन में गेहूं की विभिन्न किस्मों पर चल रहे अनुसंधान से किसानों को अवगत कराया। साथ ही किसानों से आग्रह किया कि वे स्वयं बीज उत्पादन को अपनाएं, ताकि लागत कम हो और गुणवत्ता बनी रहे।
केवीके संगरिया के विषय विशेषज्ञ डॉ. उमेश कुमार ने पौध संरक्षण एवं प्राकृतिक खेती पर विस्तार से जानकारी दी। सेवानिवृत्त उप निदेशक श्री जयनारायण बेनीवाल ने किसानों से कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों के प्रति जागरूक रहकर आधुनिक तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। मृदा परीक्षण प्रयोगशाला, हनुमानगढ़ के सहायक कृषि अनुसंधान अधिकारी श्री अभिषेक गोदारा ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड, पोषक तत्व प्रबंधन और मृदा उर्वरता सुधार पर उपयोगी जानकारी दी।
उद्यान विभाग से डॉ. रमेश चंद्र बराला ने शस्य फसलों के साथ उद्यानिकी फसलों को अपनाने पर जोर देते हुए इसे अतिरिक्त आय का माध्यम बताया। कृषि अनुसंधान अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने सरसों और चना फसलों में समसामयिक कृषि क्रियाओं की जानकारी दी, जबकि डॉ. राधेश्याम सिहाग ने गेहूं में खरपतवार एवं पोषक तत्व प्रबंधन पर मार्गदर्शन दिया। वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. भंवर लाल शर्मा ने पशुपालन के वैज्ञानिक प्रबंधन और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में उप परियोजना निदेशक आत्मा करणजीत सिंह ने आत्मा योजनांतर्गत संचालित कृषक प्रशिक्षण, भ्रमण कार्यक्रमों एवं कृषक पुरस्कार योजनाओं पर जानकारी दी। इस अवसर पर कृषि अनुसंधान अधिकारी श्री राजेन्द्र बेनीवाल, सहायक निदेशक कृषि मुख्यालय श्री बलकरण सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



0 Comments